हरियाणा के कैथल जिले से सचिन सैनी की रिपोर्ट –
(आर. 5 समाचार लाइव )-
कैथल – साहित्य सभा कैथल के प्रधान प्रोफ़ेसर अमृत लाल मदान और उप प्रधान कमलेश शर्मा को कुरुक्षेत्र अखिल भारतीय प्रेरणा साहित्य एवं शोध संस्थान संस्था ने सम्मानित किया। कुरुक्षेत्र के प्रेरणा वृद्धाश्रम में वसंत पंचमी के पावन पर्व पर आयोजित साहित्यकार अलंकरण एवं पुस्तक – लोकार्पण समारोह में कैथल के इन दोनों वरिष्ठ साहित्यकारों को 75 वर्ष अथवा इससे अधिक आयु वर्ग में प्रेरणा आजीवन साहित्य साधना सम्मान – 2025 से सम्मानित किया गया। सम्मान-समारोह में इन दोनों वरिष्ठ साहित्यकारों को भारतीय संस्कृति की पहचान रही पगड़ी बांधी गई, भारतीय परंपरा के अनुसार तिलक लगाया गया। इसके बाद इन्हें शाॅल औढ़ाकर, अंग – वस्त्र पहनाकर और सम्मान – पत्र भेंटकर सम्मानित किया गया। इन दोनों को यह सम्मान राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान कुरुक्षेत्र के निर्देशक डाॅ. बी.वी. रमण रेड्डी, बाबा मस्तनाथ विश्वविद्यालय रोहतक के हिंदी – विभागाध्यक्ष प्रोफ़ेसर बाबू राम तथा राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान कुरुक्षेत्र से जुड़े डाॅ. के. के. सिंह के हाथों से प्राप्त हुआ। इस समाचार की जानकारी मिलने पर साहित्य सभा कैथल व साहित्य-प्रेमियों में खुशी का वातावरण बना हुआ है और इन दोनों वरिष्ठ साहित्यकारों को बधाई संदेश मिल रहे हैं।